विवरणः
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के विज़न के साथ आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार समाज के गरीब और वंचित वर्गों के समग्र कल्याण के लिए विभिन्न कार्यक्रमों और योजनाओं के माध्यम से देश के सभी नागरिकों की बुनियादी आवश्यकताएं सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है। इन सभी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति का पूरा ख्याल रखना है। पिछले आठ वर्षों में, समाज के सबसे गरीब व वंचित वर्गों तक सरकार की योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में जबरदस्त तेजी आई है, चाहे वह बड़ी संख्या में बनाए गए घर (पीएम आवास योजना) हों, पानी के कनेक्शन (जल जीवन मिशन), बैंक खाते (जनधन), डीबीटी के जरिए किसानों को राशि का ट्रांसफर (पीएम किसान) या मुफ्त गैस कनेक्शन (उज्ज्वला) हो।
सबका विकास महाक्विज सीरीज शुरू की जा रही है
आज जब भारत अपनी स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव, मना रहा है। ऐसे समय में सरकार ने योजनाओं और कार्यक्रमों के वितरण में जनसहभागिता और नागरिकों के साथ जुड़ने के प्रयासों को तेज कर दिया है। जनसामान्य तक योजनाओं को पहुंचाने के अभियान के हिस्से के रूप में, MyGov “सबका विकास महाक्विज़” का आयोजन करने जा रहा है, जो कि नागरिकों में जागरूकता पैदा करने की आउटरीच पहल का हिस्सा है। महाक्विज़ का उद्देश्य प्रतिभागियों को विभिन्न योजनाओं और पहलों के बारे में जागरूक बना कर इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित करना है। महाक्विज़ सीरीज में बड़े पैमाने पर नागरिकों की भागीदारी होने से जमीनी स्तर पर सरकार की योजनाओं व पहलों के बारे जानकारी बढ़ेगी। MyGov आप सभी को नए भारत के बारे में अपनी जानकारी परखने के लिए आमंत्रित करता है।
14 अप्रैल 2022 को क्विज श्रृंखला का शुभारंभ
यह क्विज 14 अप्रैल 2022 को भारत रत्न डॉ बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर शुरू किया जाएगा। बाबासाहेब अम्बेडकर सामाजिक न्याय और अधिकारिता के प्रतीक हैं और उन्हीं के नक्शेकदम पर चलते हुए सरकार गरीब एवं समाज में मौजूद कमजोर वर्गों की सेवा में निरंतर जुटी हुई है।
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना पहले क्विज का विषय है
पहला क्विज़ उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (पीएमजीकेएवाई) पर आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (पीएम-जीकेएवाई) गरीबों के लिए एक सहायता पैकेज है, जिसका उद्देश्य कोविड महामारी के कारण उत्पन्न हुई चुनौतियों व मुश्किलों को गरीबों के लिए कम करना है। इसका तात्कालिक लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी गरीब या वंचित व्यक्ति या परिवार भूखा न रहे। इस योजना के तहत, सभी एनएफएसए लाभार्थियों को प्रति माह 5 किलोग्राम अनाज मुफ्त दिया जाता है। यह एनएफएसए लाभार्थियों को उपलब्ध सब्सिडी वाले खाद्यान्नों के अतिरिक्त है।
पीएमजीकेएवाई देश के गरीबों के लिए कोविड महामारी से उत्पन्न चुनौतियों को कम करने हेतु तैयार एक अनूठी योजना है। इस योजना के तहत 1,000 लाख मीट्रिक टन से अधिक खाद्यान्न पहले ही वितरित किया जा चुका है। अनुमानित वित्तीय परिव्यय लगभग रु. 3.4 लाख करोड़ है। जैसा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था, “प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है कि कोई भी खाली पेट न सोए।
यह योजना महामारी के दौरान अत्यधिक गरीबी को कम रखने में सफल रही है, जैसा कि अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) द्वारा तैयार किए गए एक वर्किंग पेपर से पता चलता है। इस पेपर में लिखा है- “वर्ष 2019 में महामारी से पहले अत्यधिक गरीबी 0.8 प्रतिशत से भी कम थी, और खाद्य वितरण जैसी पहल यह सुनिश्चित करने में सहायक साबित हुई कि यह महामारी वर्ष 2020 में भी उसी स्तर पर बनी रहे।”
योजना का लाभ कैसे उठाएं?
राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों द्वारा चिन्हित सभी एनएफएसए लाभार्थियों (अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) और प्राथमिक गृहस्थों (पीएचएच) अर्थात् लगभग 80 करोड़ लाभार्थियों को पीएम-जीकेएवाई के तहत कवर किया गया है। ये सभी लाभार्थी अपने मौजूदा एनएफएसए राशन कार्ड का उपयोग करके उचित दर की दुकानों से मुफ्त अनाज का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए नए राशन कार्ड या पंजीकरण की आवश्यकता नहीं है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित लाभार्थियों की शिकायतों के निवारण के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1967 शुरू किया गया है।
एंड्रॉइड मोबाइल एप्लिकेशन ‘मेरा राशन’ (https://tinyurl.com/fp2tmd97) के जरिए लाभार्थी अपने एनएफएसए के साथ-साथ पीएम-जीकेएवाई के तहत आवंटित खाद्यान्न और शेष कोटा के बारे में जान सकते है। यह सुविधा वर्तमान में उन लाभार्थियों के लिए उपलब्ध है, जो केंद्रीय राशन कार्ड भंडार में सफलतापूर्वक सत्यापित हैं। यह ऐप वर्तमान में 13 भाषाओं जैसे असमिया, अंग्रेजी, हिंदी, उड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़, उर्दू, गुजराती, मराठी और बांग्ला में उपलब्ध है, और यह एंड्रॉइड मोबाइल ऐप गूगल प्ले स्टोर से स्वतंत्र रूप से डाउनलोड किया जा सकता है। अन्नवितरण पोर्टल (http://annavitran.nic.in) में पीएम-जीकेएवाई के तहत खाद्यान्न वितरण की निगरानी के लिए एक डैशबोर्ड भी उपलब्ध है।
1. यह क्विज सबका विकास महाक्विज सीरीज का हिस्सा है जिसमें विभिन्न विषयों पर अलग-अलग क्विज लॉन्च किए जाएंगे।
2. यह क्विज़ 14 अप्रैल 2022 को लॉन्च किया जाएगा और 12 मई 2022, रात्रि 11:30 बजे (आईएसटी) तक लाइव रहेगा।
3. इस क्विज़ में सभी भारतीय नागरिक भाग ले सकते हैं।
4. इस क्विज़ में 20 प्रश्नों के जवाब के लिए 300 सेकंड निर्धारित किए गए हैं।
5. यह क्विज़ 12 भाषाओं में उपलब्ध है – अंग्रेजी, हिंदी, असमिया, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओडिया, पंजाबी, तमिल और तेलुगु।
6. हर क्विज़ में टॉप स्कोर हासिल करने वाले अधिकतम 1,000 प्रतिभागियों को विजेताओं के रूप में चुना जाएगा। चयनित विजेताओं में से प्रत्येक को 2,000/ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
7. अधिकतम सही उत्तर देने वाले प्रतिभागी को विजेता के तौर पर चुना जाएगा। यदि, उच्चतम अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों की संख्या 1,000 से अधिक है, तो शेष विजेताओं का चयन क्विज़ को पूरा करने में लगने वाले समय के आधार पर किया जाएगा।
उदाहरण के लिए, यदि प्रश्नोत्तरी परिणाम निम्नानुसार हैं –
प्रतिभागियों की संख्या |
अंक |
स्थिति |
500 |
20 में 20 |
उन्हें विजेता घोषित किया जाएगा। 2,000 रुपये मिलेंगे |
400 |
20 में 19 |
उन्हें विजेता घोषित किया जाएगा। 2,000 रुपये मिलेंगे |
400 |
20 में 18 |
चूंकि कुल विजेता अब 1,000 से अधिक हो गए हैं, इसलिए केवल 100 प्रतिभागी ही पुरस्कार राशि के पात्र होंगे। इन 100 प्रतिभागियों को क्विज़ को पूरा करने में लगे कम से कम समय के आधार पर चयन किया जाएगा और इन्हें 2,000 रुपये प्रदान किए जाएंगें |
8. किसी प्रतिभागी को किसी एक विशेष क्विज़ में केवल एक बार ही विजेता बनने का पात्र माना जाएगा। एक ही प्रतिभागी द्वारा भेजी गई एक से अधिक प्रविष्टियों को क्विज़ के लिए अमान्य माना जाएगा। हालांकि, प्रतिभागी महाविकास क्विज़ सीरीज के अन्य क्विज़ में जीतने के लिए पात्र होंगे।
9. आपको अपना नाम, ईमेल पता, टेलीफोन नंबर और डाक पता प्रदान करना होगा। अपना संपर्क विवरण सबमिट करके, आप इनका क्विज़ के लिए उपयोग करने तथा प्रचार सामग्री प्राप्त करने के लिए भी सहमति देते हैं।
10. विजेताओं को पुरस्कार राशि के लिए अपने बैंक की डिटेल साझा करने की आवश्यकता होगी। पुरस्कार राशि वितरण के लिए यूजर का नाम बैंक खाते के नाम से मिलना चाहिए।
11. प्रश्नों को एक स्वचालित प्रक्रिया के माध्यम. से प्रश्न बैंक से रैंडम तरीके से चुना जाएगा।
12. आप एक कठिन प्रश्न को छोड़ आगे बढ़ सकते हैं और बाद में उसका जवाब दे सकते हैं।
13. गलत जवाब के लिए कोई निगेटिव मार्किंग नहीं की जाएगी।
14. प्रतिभागी द्वारा ‘क्विज़ प्रारंभ करें’ बटन पर क्लिक करते ही क्विज़ शुरू हो जाएगा।
15. एक बार सबमिट करने के बाद प्रविष्टि को वापस नहीं लिया जा सकता है।
16. यदि यह पता चलता है कि प्रतिभागी ने निर्धारित समय में प्रश्नोत्तरी को पूरा करने के लिए अनुचित साधनों का उपयोग किया है, तो प्रविष्टि को अस्वीकार कर दिया जाएगा।
17. खोई, अधूरी या कंप्यूटर त्रुटि या आयोजक के उचित नियंत्रण से परे किसी अन्य त्रुटि के कारण सबमिट नहीं होने वाली प्रविष्टि की आयोजक की कोई जिम्मेवारी नहीं लेता है। कृपया ध्यान दें कि प्रविष्टि प्रस्तुत करने का प्रमाण उसकी प्राप्ति का प्रमाण नहीं है।
18. अप्रत्याशित परिस्थितियों में, आयोजक किसी भी समय क्विज़ को संशोधित करने या वापस लेने का अधिकार सुरक्षित रखते हैं। इसमें, किसी भी संदेह से बचने के लिए, इन नियमों और शर्तों में संशोधन करने का अधिकार शामिल है।
19. प्रतिभागी को समय-समय पर क्विज़ के लिए निर्धारित सभी नियमों और विनियमों का पालन करना होगा।
20. आयोजक किसी भी प्रतिभागी की भागीदारी को अयोग्य ठहराने या अस्वीकार करने के सभी अधिकार सुरक्षित रखते हैं। यदि किसी भी प्रतिभागी की भागीदारी या जुड़ाव को क्विज़ या आयोजक या क्विज़ के सहयोगियों के लिए हानिकारक माना जाता है। आयोजकों को दी गई जानकारी अयोग्य, अपूर्ण, क्षतिग्रस्त, झूठी या गलत होने पर प्रतियोगी का रजिस्ट्रेशन अमान्य माना जाएगा।
21. MyGov कर्मचारियों और उनके रिश्तेदारों को इस क्विज़ में भाग लेने से मनाही है।
22. क्विज़ के संबंध में आयोजक का निर्णय अंतिम और बाध्यकारी होगा और इसके बारे में आगे कोई पत्राचार नहीं किया जाएगा।
23. क्विज़ में भाग लेकर प्रतियोगी स्वीकार करता है और ऊपर उल्लिखित इन नियमों और शर्तों से बाध्य होने के लिए सहमत होता है।
24. ये नियम और शर्तें भारतीय न्यायपालिका के क्षेत्राधिकार के अधीन होंगी।
25. यदि अनुवादित कंटेंट से संबंधित किसी स्पष्टीकरण की आवश्यकता हो, तो contests@mygov.in पर संपर्क करें और हिंदी/अंग्रेजी कंटेंट देखें।